राजस्व विभाग का हैरतअंगेज कारनामा एक ही मामले में तीन अलग-अलग लगाया फर्जी रिपोर्ट, अपर जिलाधिकारी ने लेखपाल के निलंबन के लिए दिया निर्देश ।

ब्यूरो चीफ- पुष्कर रस्तोगी
सकलडीहा (समाचार टूडे)। शनिवार को तहसील सभागार में अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार एवं उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया समाधान दिवस में कुल 85 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 8 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान हो। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उदासीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा राजस्व प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही बरती जाती है तो संबंधित के विरुद्ध निलंबन की जाएगी। इसी दौरान विकासखंड चहनिया अंतर्गत ग्राम सभा रामगढ़ निवासी गोपाल शरण सिंह ने शिकायत करते हुए बताया कि लेखपाल व कानूनगो एक ही जमीन मामले में पक्की पैमाइश में तीन बार अलग-अलग फर्जी रिपोर्ट लगाकर मेरे मुकदमे को निरस्त करा दिया गया है जिस पर नाराज होते हुए अपर जिला अधिकारी राजेश कुमार ने तत्काल उपजिलाधिकारी को निलंबन की कार्रवाई संबंधित पत्र जारी करने के लिए निर्देशित किया
उन्होंने उपस्थित राजस्व अधिकारियों, लेखपालों और कानूनगो को निर्देशित किया कि भूमि विवाद, पैमाइश, नामांतरण, वरासत, कब्जा, सीमांकन तथा अन्य राजस्व प्रकरणों का नियमानुसार समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर जाकर जांच कर वास्तविक स्थिति के आधार पर किया जाए, ताकि फरियादियों को न्याय मिल सके।
उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने कहा कि समाधान दिवस शासन की सबसे महत्वपूर्ण जनसुनवाई व्यवस्था है, इसलिए इसमें प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखें तथा प्रत्येक प्रकरण की स्थलीय जांच कर गुणवत्तापूर्ण आख्या प्रस्तुत करें। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, आपूर्ति, पंचायती राज, सिंचाई, कृषि एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, तहसीलदार अनुराग सिंह, नायब तहसीलदार दिनेश चन्द शुक्ला, राजेन्द्र प्रसाद, क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा, खंड विकास अधिकारी विजय सिंह, अख्तर, अधिशासी अधिकारी, पुलिस एवं राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।









