अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हाईवे पर तीन आवारा पशुओं की मौत, घंटों बाद भी प्रशासन ने नहीं ली सुध, ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप

चंदौली। (समाचार टुडे) चंदौली से सैदपुर जाने वाले फोरलेन मार्ग पर शुक्रवार की देर रात अज्ञात वाहनों की चपेट में आने से तीन आवारा पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद तीनों पशुओं के शव हाईवे पर पड़े रहे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर आवारा पशुओं का जमावड़ा अक्सर बना रहता है। रात के समय तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की जानकारी स्थानीय प्रशासन और तहसील अधिकारियों को कई बार फोन के माध्यम से दी गई, लेकिन घंटों बाद भी मृत पशुओं को हटाने अथवा उनके निस्तारण की दिशा में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि हाईवे पर मृत पशुओं के पड़े रहने से किसी अन्य वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल शवों को हटवाने तथा हाईवे पर आवारा पशुओं की समस्या से स्थायी रूप से निजात दिलाने की मांग की है।









