abc111
PlayPause
previous arrow
next arrow
अनोखी खबरअपडेटउत्तर प्रदेशउपलब्धिजानकारी

उच्च शिक्षा मंत्री  ने ‘भारत बौद्धिक्स 2.0’ परीक्षा के पोस्टर का किया विमोचन, 21 नवंबर को होगी अखिल भारतीय स्तर की परीक्षा, यूजी-पीजी के विद्यार्थी ले सकेंगे भाग प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये



भारतीय ज्ञान परंपरा, विज्ञान, दर्शन और संस्कृति से युवाओं को जोड़ने की पहल

लखनऊ, 12 अक्टूबर। (समाचार टूडे)उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने आवास पर अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित होने वाली ‘भारत बौद्धिक्स 2.0’ राष्ट्रीय परीक्षा के पोस्टर का विमोचन किया। विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान (VBUSS) की ओर से उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश के समन्वय से आयोजित होने वाली यह परीक्षा 21 नवंबर 2026 को होगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, दर्शन और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।

पोस्टर विमोचन के अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में भारतीय ज्ञान परंपरा के अध्ययन और प्रसार के लिए लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। ‘भारत बौद्धिक्स 2.0’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से आज की युवा पीढ़ी, विशेषकर जेन-जी, भारत के समृद्ध बौद्धिक विमर्श और गौरवशाली अतीत से जुड़ सकेगी। उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विरासत से प्रेरणा लेकर युवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से विद्यार्थियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित कराने का आह्वान किया।

यूजी और पीजी के विद्यार्थी कर सकेंगे प्रतिभाग

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विजन पर आधारित यह दो घंटे की ऑफलाइन परीक्षा कला, विज्ञान, वाणिज्य और सामाजिक विज्ञान विषयों में स्नातक (यूजी) एवं स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाएगी। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में होगी। प्रश्नपत्र में विद्यार्थियों द्वारा चुने गए विषय से 60 प्रश्न, भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित 20 अनिवार्य सामान्य प्रश्न तथा एक विवरणात्मक प्रश्न शामिल होगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रति विद्यार्थी 100 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही संबंधित उच्च शिक्षण संस्थानों को संस्थागत पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।

मेधावियों को मिलेंगे नकद पुरस्कार

परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। द्वितीय स्थान पर चयनित दो विद्यार्थियों को 50-50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चार विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 300 विद्यार्थियों को 2,500-2,500 रुपये के सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

13 भाषाओं में उपलब्ध होंगी 21 पुस्तकें

परीक्षा की तैयारी को आसान बनाने के लिए विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान ने ‘किताब वाले’ प्रकाशन के सहयोग से भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित 21 पुस्तकों की श्रृंखला तैयार कराई है। ये पुस्तकें हिंदी और अंग्रेजी के अलावा गुजराती, बांग्ला, तेलुगु, तमिल, ओड़िया, पंजाबी, मराठी, उर्दू, मलयालम, कन्नड़ और असमिया सहित कुल 13 भाषाओं में उपलब्ध होंगी। इन पुस्तकों के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी करने और भारतीय ज्ञान परंपरा को समझने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव, निदेशक उच्च शिक्षा, विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के क्षेत्र संयोजक प्रो. जयशंकर पांडे, प्रांत सचिव डॉ. मंजुल त्रिवेदी, राज्य समन्वयक प्रो. अभिषेक तिवारी, प्रो. प्रणव मिश्र और डॉ. हिमांशु मिश्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी, दिशा-निर्देश और पंजीकरण के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.bharatboudhiks.com जारी की गई है।

Samaachar Today

नमस्कार मित्रो मैं Samaachar today चैनल का सीईओ की भूमिका निभा रहा हु

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button