
सकलडीहा। (समाचार टुडे) शारदीय नवरात्र के मद्देनजर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी कोतवाल राजेंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ कस्बे में भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और पूजा-पंडालों के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
भ्रमण के दौरान पुलिस टीम ने बाजार में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक सतर्कता बरती। नवरात्र के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।
प्रभारी कोतवाल राजेंद्र सिंह ने कहा कि शारदीय नवरात्र आस्था और श्रद्धा का पर्व है। इसे आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









