
क्राईम चीफ ब्यूरो K M GUPTA
पीडीडीयू/चंदौली।(समाचार टुडे) अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव के समीप शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने एक साइकिल सवार युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय जिले के वरिष्ठ अधिकारी तहसील दिवस कार्यक्रम में जनसुनवाई कर रहे थे। सूचना प्राप्त होते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) एवं अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई।
पुलिस को मृतक के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त मुगलसराय के चतुर्भुजपुर निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमलावर किस दिशा से आए और घटना को अंजाम देने के बाद किस ओर फरार हुए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है।
उल्लेखनीय है कि अलीनगर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि देखने को मिली है। बीते कुछ महीनों के दौरान फायरिंग और हत्या जैसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसी क्रम में शनिवार को हुई यह वारदात एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा हमलावरों की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना के कारणों और आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









