
चंदौली।(समाचार टुडे) त्यौहार हमारी संस्कृति, परंपरा और आपसी प्रेम का प्रतीक हैं। इन पर्वों को सभी लोगों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाना चाहिए। त्योहारों की खुशियों के बीच ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे दूसरों को परेशानी हो या किसी के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े। उक्त विचार मद्रासी चिकित्सालय के वरिष्ठ गुदा रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण स्वामी सामाजिक संस्था जनसेवा एजुकेशनल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर के दौरान बतौर मुख्य अतिथि के रूप में कहीं।
श्री स्वामी ने कहा कि त्यौहारों के दौरान अनावश्यक रूप से पटाखे फोड़ने और तेज आवाज वाले विस्फोटक पटाखों के इस्तेमाल से बचना चाहिए। पटाखों से निकलने वाला धुआं जहां वायु प्रदूषण बढ़ाता है, वहीं इनसे उत्पन्न तेज आवाज ध्वनि प्रदूषण का प्रमुख कारण बनती है।
डॉ. अरुण स्वामी ने ध्वनि प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि अत्यधिक शोर का असर केवल कानों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह व्यक्ति के संपूर्ण स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। तेज आवाज के कारण सुनने की क्षमता प्रभावित होने, कानों में घंटी बजने जैसी समस्या, सिरदर्द, चिड़चिड़ापन, तनाव और नींद में बाधा जैसी परेशानियां हो सकती हैं। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अस्पतालों और आवासीय क्षेत्रों के आसपास तेज आवाज वाले पटाखों का प्रयोग दूसरों के लिए गंभीर परेशानी पैदा कर सकता है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को तेज धमाकों से घबराहट तथा नींद में परेशानी हो सकती है। वहीं बीमार व्यक्तियों के लिए शोर का वातावरण और अधिक कष्टदायक हो सकता है।
वरिष्ठ समाजसेवी सत्यनारायण प्रसाद ने कहा कि त्यौहार मनाने का वास्तविक आनंद दूसरों की खुशियों का सम्मान करने में है। जनसेवा एजुकेशनल वेलफेयर फाउंडेशन संस्था द्वारा आम जनमानस के हित को लेकर लगातार स्वास्थ्य शिविर एवं समय-समय पर सामाजिक कार्य किया जाता है जो अत्यंत सराहनीय है संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के निचले पायदान के परिवार को समाज की मुख्य धारा एवं शैक्षणिक उत्थान तथा उनका सर्वांगीण विकास करना ही मुख्य उद्देश्य है वहीं संस्था के प्रदेश प्रभारी वरिष्ठ अधिवक्ता गुंजा रस्तोगी ने मुख्य अतिथि गुदा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अरुण स्वामी को अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देखकर सम्मानित किया इस दौरान सैकड़ो ग्रामीणों ने स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया









