
चंदौली।(समाचार टूडे) धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गावां गांव के समीप हुए बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में वांछित दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक हसिया भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, नंदगंज में स्थित एक कटरे की खरीद और रजिस्ट्री को लेकर हुए विवाद के बाद इस दोहरी हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में थाना धीना, थाना धानापुर, सर्विलांस एवं फॉरेंसिक टीम ने संयुक्त रूप से मामले की जांच की। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस डेटा और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने घटना की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
नहर और सड़क किनारे मिले थे दो शव
गौरतलब है कि 22 अक्टूबर 2026 को धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गावां गांव के समीप नहर-नाले और सड़क किनारे दो अज्ञात व्यक्तियों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल पुलिस बल, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और सर्विलांस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। जांच के दौरान दोनों शवों पर धारदार हथियार के चोट के निशान और गोली मारे जाने के साक्ष्य मिले थे। मामले में ग्राम प्रहरी रामजनम यादव की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 92/2026, धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
कानपुर के रहने वाले थे दोनों मृतक
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान सिद्धार्थ सिंह (32 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अजेंद्र कुमार सिंह, मूल निवासी ग्राम बरहपुर, थाना नंदगंज, जनपद गाजीपुर, वर्तमान निवासी जेके कॉलोनी, जाजमऊ, कानपुर तथा सागर त्रिपाठी (35 वर्ष) पुत्र वीरेंद्र त्रिपाठी, निवासी यशोदा नगर, थाना नौबस्ता, कानपुर के रूप में हुई थी।
कटरे की खरीद और रजिस्ट्री को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की पूछताछ और विवेचना में सामने आया कि 21 अक्टूबर को जमीन और कटरे की खरीद-बिक्री तथा रजिस्ट्री को लेकर विवाद हुआ था। थाना धानापुर क्षेत्र में घनश्याम सिंह के मकान पर शराब और मीट की पार्टी रखी गई थी। इसमें रवि सिंह, गोलू सिंह, सिद्धार्थ सिंह और सिद्धार्थ का दोस्त सागर त्रिपाठी सहित अन्य लोग मौजूद थे। सभी के बीच नंदगंज के सादियाबाद मोड़ स्थित सिद्धार्थ सिंह के नाम के कटरे को खरीदने और उसकी रजिस्ट्री को लेकर बातचीत हो रही थी।
इसी दौरान रवि सिंह और सिद्धार्थ सिंह के बीच विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, रवि सिंह और गोलू सिंह सिद्धार्थ को घर के बाहर सड़क पर ले गए, जहां उसे सीने में गोली मार दी गई। गोली चलने की आवाज सुनकर सागर त्रिपाठी अपने मित्र को फोन पर घटना की जानकारी देने लगा। इस पर आरोपियों ने उसे भी पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, सूर्यप्रकाश सिंह ने हसिया से सागर का गला रेत दिया, जबकि रवि सिंह ने उसे भी गोली मार दी।
स्कॉर्पियो और बोरे में भरकर फेंके गए थे शव
हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों शवों को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, सिद्धार्थ के शव को सूर्यप्रकाश सिंह की स्कॉर्पियो में लादा गया, जबकि सागर के शव को बोरे में भर दिया गया। इसके बाद दोनों शवों को डेढ़गावां-जमानिया बॉर्डर के पास अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया। एक शव पुलिया के पास और दूसरे शव को करीब एक किलोमीटर की दूरी पर नहर में फेंकने के बाद आरोपी बनारस की तरफ चले गए।
धानापुर ब्लॉक गेट के पास से दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए धानापुर ब्लॉक परिसर के गेट के पास से दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूर्यप्रकाश सिंह (24 वर्ष) पुत्र राकेश कुमार सिंह तथा विकास सिंह (34 वर्ष) पुत्र हरिहर सिंह, निवासी ग्राम मेढ़वा, थाना धानापुर, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने सूर्यप्रकाश सिंह की निशानदेही पर डेढ़गावां के पास झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त एक हसिया भी बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन, थाना धीना तथा उपनिरीक्षक बृजेश कुमार मिश्रा, थाना धानापुर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।









