
सकलडीहा। (समाचार टुडे) स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर विकासखंड क्षेत्र के खड़ेहरा स्थित अमर ज्योति संस्था की ओर से दृष्टिबाधित बच्चों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सकलडीहा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते बच्चों को देखकर कस्बे में लोगों में भी उत्साह और देशप्रेम का माहौल देखने को मिला।
यात्रा के दौरान उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने दृष्टिबाधित बच्चों का हाथ पकड़कर उन्हें मार्गदर्शन दिया और उनके साथ कदम से कदम मिलाकर तिरंगा यात्रा में सहभागिता की। एसडीएम आकांक्षा सिंह के इस आत्मीय व्यवहार से आम जनमानस सहित बच्चों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास देखने को मिला ।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने कहा कि दृष्टिबाधिता किसी व्यक्ति की क्षमता की सीमा नहीं है। समाज का दायित्व है कि दिव्यांग बच्चों को समान अवसर, सम्मान और सहयोग प्रदान करे। ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ समाज में समावेशिता और समानता की भावना को मजबूत करते हैं। देश के विकास में सहयोग एवं विभिन्न क्षेत्रों में दिव्यांग बच्चों ने अपनी काबिलियत के बल पर ऊंचाइयों को प्राप्त किया है
तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ ही दिव्यांग एवं दृष्टिबाधित बच्चों में आत्मविश्वास, प्रतिभा और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। बच्चों ने पूरे उत्साह और गर्व के साथ तिरंगा थामकर यात्रा में भाग लिया और समाज को समानता, सम्मान तथा समावेशन का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा में जिला चाइल्डलाइन सुपरवाइजर संध्या यादव, महिला कल्याण विभाग की रागिनी सिंह, जिला जेंडर स्पेशलिस्ट पुष्पा, शिल्पा चौरसिया सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं अमर ज्योति संस्था के निदेशक प्रेम चंद, कोऑर्डिनेटर सुजीत कुमार, आकाश मौर्या, चिंतामणि, ग्राम प्रधान धरहरा अमित सिंह, लड्डू कपड़ा घर संजय जयसवाल, धनंजय जायसवाल, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की।









