गाड़ी की टक्कर को लेकर प्रधान और प्रत्याशी भिड़े, क्रास एफआईआर, सेकेट्री भी नामजद सीओ कर रहे मामले की जांच, दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई- सीओ

चहनिया । (समाचार टुडे) बलुआ थाना क्षेत्र के अमिलाई गांव में गाड़ी छू जाने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वर्तमान प्रधान और प्रधान प्रत्याशी के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें हथियार (पिस्टल) लहराने तक की नौबत आ गई। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने वर्तमान ग्राम प्रधान व बेटे पर गैर-इरादतन हत्या के प्रयास, SC/ST एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में क्रास मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, अमिलाई गांव के वर्तमान प्रधान अमरदेव सिंह यादव और प्रधान प्रत्याशी मंटू उर्फ शशिकांत की गाड़ियों के बीच हल्की टक्कर हो गई थी। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई। प्रधान अमरदेव यादव का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उनके बेटे को पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव के दौरान उनकी लाइसेंसी पिस्टल सड़क पर गिर गई, जिसे उनके बेटे ने उठा लिया।
प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने मंटू उर्फ शशिकांत राम, संजय, बरहनी ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी सुभाष भारती, पप्पू और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा व गैर-इरादतन हत्या के प्रयास समेत 6 गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, प्रधान प्रत्याशी मंटू की तहरीर पर आदर्श यादव और अनुराग यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास व SC/ST एक्ट सहित 6 धाराओं में मुकदमा कायम हुआ है। नामजद ग्राम पंचायत अधिकारी सुभाष भारती ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि गांव की पुरानी चुनावी रंजिश के कारण उनका नाम इस केस में घसीटा जा रहा है।
बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल किसी अन्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है वायरल वीडियो एवं अन्य साझ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी









