
ब्यूरो चीफ- पुष्कर रस्तोगी
सकलडीहा ( समाचार टुडे) आगामी श्रावण माह एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली परिसर मे प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र निषाद ने धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, गणमान्य नागरिकों एवं कांवड़ यात्रा समिति के सदस्यों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र निषाद ने कहा कि श्रावण माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कांवड़िए विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सभी के सहयोग से कानून-व्यवस्था, शांति एवं सौहार्द बनाए रखना प्राथमिकता है। बैठक के दौरान कांवड़ मार्गों, मंदिर परिसरों, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक संदेश प्रसारित करने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्री निषाद ने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा श्रावण माह एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया।









