पुलिस लाइन मजदूर की मौत पर गरमाया मामला, 20 लाख मुआवजे की मांग को लेकर सपा विधायक समर्थकों संग धरने पर बैठे

चंदौली पुलिस लाइन में सातवीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत का मामला, प्रशासन ने 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और जमीन आवंटन का रखा प्रस्ताव
चंदौली। (समाचार टुडे)जनपद के सकलडीहा क्षेत्र स्थित भोजापुर गांव के पास निर्माणाधीन पुलिस लाइन परिसर में सातवीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव अपने समर्थकों के साथ घटनास्थल पर धरने पर बैठ गए। विधायक ने पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग उठाई है।
विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में गरीब मजदूरों की जिंदगी की कोई कीमत नहीं रह गई है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
प्रशासन के प्रस्ताव पर नहीं बनी सहमति
मामले में प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को चार लाख रुपये नकद तथा छह लाख रुपये की विभागीय आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा राजस्व विभाग की ओर से मृतक के परिवार को भूमि आवंटित करने का प्रस्ताव भी दिया गया है। हालांकि, सपा विधायक ने इस प्रस्ताव पर असहमति जताते हुए कुल 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।
विधायक का आरोप है कि मृतक के परिवार को कम मुआवजा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने समुदाय का उल्लेख करते हुए कहा कि मृतक राजभर समाज से है, इसलिए उसके परिवार को कम आर्थिक सहायता देने की बात सामने आ रही है। यह विधायक का आरोप है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
पिछले मामले का हवाला देकर उठाई समान मुआवजे की मांग
सपा विधायक ने कहा कि इससे पहले भी मजदूर की मौत के एक मामले में संबंधित कंपनी ने जिला प्रशासन के सहयोग से 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई थी। उन्होंने इसी उदाहरण का हवाला देते हुए वर्तमान मामले में भी मृतक के परिजनों को 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
विधायक और उनके समर्थकों का कहना है कि जब तक पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिलता, तब तक उनकी मांग जारी रहेगी। निर्माणाधीन पुलिस लाइन में हुए हादसे के बाद मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था और पीड़ित परिवार को मिलने वाली आर्थिक सहायता को लेकर मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। धरना दे रहे है सपा विधायक संघ समर्थन को मनाने में तहसील प्रशासन एवं जिला प्रशासन लगे हुए हैं वही मौके पर क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह नायब तहसीलदार सहित थाने की फोर्स मौजूद रहे









