आबकारी विभाग की जिम्मेदारी निभा रहा कोतवाली पुलिस, क्षेत्र में लगातार मिल रहे अवैध शराब से आबकारी विभाग की खुल रही पोल, कार्रवाई करने से क्यों कतरा रहा आबकारी विभाग ।

सकलडीहा। (समाचार टूडे) थाना सकलडीहा क्षेत्र में अवैध शराब की बरामदगी का सिलसिला लगातार जारी है। पुलिस द्वारा लगातार अवैध शराब के मामलों में कार्रवाई किए जाने के बीच आबकारी विभाग की सक्रियता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र में लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर बिहार ले जाकर बेचने की बात सामने आने के बावजूद आबकारी विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है, इसे लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हैं।
इसी क्रम में थाना सकलडीहा पुलिस ने चेकिंग के दौरान 48 केन किंगफिशर बीयर, कुल 24 लीटर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया, जबकि दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई 01 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास की गई।
थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 500-500 एमएल की 48 केन बीयर बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान रोशन कुमार श्रीवास्तव पुत्र स्व. अजयलाल श्रीवास्तव, निवासी राजाबाजार, बिहिया हाईस्कूल के पास, थाना बिहिया, जनपद भोजपुर, बिहार, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि उत्तर प्रदेश की लाइसेंसी शराब की दुकानों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बीयर व शराब खरीदकर एकत्रित की जाती है और फिर ट्रेनों के माध्यम से बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाया जाता है। पुलिस ने इस मामले में थाना सकलडीहा पर मु.अ.सं. 195/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
लगातार बरामदगी से उठ रहे सवाल
सकलडीहा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अवैध शराब की बरामदगी के मामले सामने आते रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई में शराब पकड़े जाने के बाद अब यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर उसकी तस्करी की जा रही है तो संबंधित दुकानों और बिक्री व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी निभाने वाला आबकारी विभाग इस पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लगा पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई के साथ-साथ आबकारी विभाग को भी शराब की अवैध बिक्री और तस्करी के स्रोत की जांच करनी चाहिए।
पुलिस टीम में शामिल रहे
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक गोपाल तिवारी, हेड कांस्टेबल राकेश यादव तथा कांस्टेबल हृदेश चक्रवर्ती शामिल रहे।









