
चंदौली। (समाचार टुडे) जनपद में तेल चोरी और अवैध डीजल कारोबार के खिलाफ अलीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात ड्रमों में रखा 300.5 लीटर संदिग्ध डीजल बरामद किया था। वहीं आपूर्ति इंस्पेक्टर ममता सिंह ने थाने में संलिप्त अभियुक्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है वही पुलिस ने मामले में जाँच कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर उसकी खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना के आधार पर अलीनगर पुलिस व आपूर्ति इंस्पेक्टर ममता सिंह ने छापेमारी की, जहां सात ड्रमों में रखा अवैध डीजल बरामद हुआ। बरामद ईंधन के संबंध में मौके पर मौजूद लोग कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
संयुक्त टीम ने बरामद डीजल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह डीजल तेल चोरी अथवा अवैध तरीके से एकत्र किया गया हो सकता है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और डीजल की आपूर्ति किस माध्यम से की जा रही थी।
आपूर्ति इंस्पेक्टर ममता सिंह का कहना है कि संलिप्तअभियुक्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुये मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी संगठित गिरोह या तेल माफिया की संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









