
रिपोर्टर- राहुल राज
पीडीडीयू/चंदौली। (समाचार टुडे)जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली एवं शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बढ़ती महंगाई एवं पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि के विरोध में भाजपा सरकार का पुतला फूंका गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने किया।
इस दौरान आयोजित विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार की नीतियों की आलोचना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण देश में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों से किसान, युवा और छात्र सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि पेट्रोल, डीजल एवं सीएनजी की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। व्यवसायिक गैस सिलेंडर एवं पांच किलो वाले सिलेंडरों के दामों में भी वृद्धि की गई है, जिससे रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं महंगी हो गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि इससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और युवा वर्ग में निराशा का माहौल है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर जनता का विश्वास खोने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब जनता बदलाव चाहती है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से बृजेश गुप्ता, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, गंगा प्रसाद, राममूरत गुप्ता, गुलाब राम, कुलदीप वर्मा, अरबिंद पाण्डेय, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, बदरूद्वजा अंसारी, अमलेंदु पाण्डेय, मदनलाल, प्रेमचंद गुप्ता, श्रीकांत पाठक, शमशाद अहमद, राकेश सिंह, नियाज अहमद, रामौतार यादव, बाबा गोंड, सतेंद्र उपाध्याय, अतुल दुबे, इंद्रजीत मिश्रा, पवन पासवान, शैलेश यादव, प्रकाश शर्मा, शमशेर खान, रमेश पाण्डेय, संतोष चौबे, ज्ञान प्रकाश तिवारी, उग्रसेन एवं ओमसागर सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









