छत से गिरकर युवती की मौत, परिवार में मचा कोहराम,पुलिस जांच में जुटी ।

सकलडीहा।(समाचार टुडे) कस्बा सकलडीहा कोर्ट निवासी छाया पत्नी शिवाजी राय (28 वर्ष) की विगत रात्रि छत से गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद नाराज होकर मृतका छाया छत पर चली गई और वहां से नीचे गिर गई।
परिजनों ने आनन-फानन में घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके वालों को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी। विगत रात्रि भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि युवती ने किन परिस्थितियों में छत से छलांग लगाई, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र निषाद ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









