
चंदौली। (समाचार टुडे) लखनऊ में आगामी 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस के भव्य आयोजन को सफल बनाने के उद्देश्य से गोंड वेलफेयर इंप्लाइज एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कार्यक्रम की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान तथा अधिक से अधिक समाज के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की। जनसंपर्क अभियान के दौरान बरहनी के ग्राम सभा अमड़ा धानापुर के ग्राम सभा अहिकौरा में बैठक कर गोंड़ समाज को सम्बोधित किया ।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष रामजनम गोंड़ ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, इतिहास और अधिकारों के प्रति जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने और समाज की एकजुटता का परिचय देने का आह्वान किया।
गोंड वेलफेयर इंप्लाइज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण प्रसाद ने कहा कि संगठन समाज के उत्थान, शिक्षा, सामाजिक एकता और युवाओं को जागरूक करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समाज की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा तथा सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
वहीं, गोंड वेलफेयर इंप्लाइज एसोसिएशन के प्रदेश पदाधिकारी विनय कुमार ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस पूरे समाज को एक सूत्र में जोड़ने का अवसर है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी एकजुटता के बल पर समाज निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। समाज की सहभागिता को लेकर युवाओं को जुड़ने का आवाहन किया । इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार पुष्कर जी, महामंत्री शिवकुमार, अनिल कुमार सहित सैकड़ो लोग मौजूद रहें वही कार्यक्रम का संचालन रघुवर प्रसाद ने किया









