
ब्यूरो चीफ- पुष्कर रस्तोगी
सकलडीहा (समाचार टुडे) आगामी सावन मास माह में आयोजित श्रावण मास मेले के आयोजन की तैयारीयों को लेकर पुलिस अधीक्षक संग अधिकारियों ने निरीक्षण कर जायजा लिया बताते चले कि पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को सकलडीहा स्थित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध स्वयंभू कालेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि सावन माह में, हजारों श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना को लेकर भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात संचालन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई , ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन का लाभ मिल सके।
एसपी ने पुलिस, राजस्व विभाग एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरिकेडिंग, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
मंदिर के समीप रेलवे स्टेशन एवं रेलवे ट्रैक होने के कारण पुलिस अधीक्षक ने रेलवे सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ट्रैक एवं भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके लिए जीआरपी एवं रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना या अव्यवस्था की संभावना न रहे तथा ट्रेनों के संचालन में भी कोई बाधा उत्पन्न न हो।
भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर सावन के दौरान लगने वाले जाम से निपटने के लिए भी विशेष यातायात प्रबंधन योजना तैयार की जायेगी प्रमुख स्थानों पर पुलिस कर्मियों की सादे वेश में तैनाती सुचारु संचालन की व्यवस्था की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करें, ताकि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि, “सावन का पावन पर्व जनपद चन्दौली में पूर्ण सुरक्षा, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों एवं सुरक्षा बलों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र निषाद सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे ।









