
चन्दौली/दिनांक 07 जुलाई, 2026( समाचार टुडे) उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग, रवीन्द्र जायसवाल दिनाँक 08.07.2026 को जनपद चन्दौली के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सरकार की महत्वाकांक्षी *’मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’* के बेहतर क्रियान्वयन और कार्ड वितरण एवं प्रगति की समीक्षा से जुड़े विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्ट्रेट सभागार में करेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनपद के सभी पात्र शिक्षकों और शिक्षा विभाग के कर्मियों को गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों के समय गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा का सुचारू लाभ दिलाना है।
इस योजना का लक्ष्य महंगे इलाज के कारण शिक्षकों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को पूरी तरह समाप्त करना और कैशलेस सिस्टम के माध्यम से चिकित्सा प्रक्रिया को सरल बनाना है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों और उनके आश्रितों को सरकारी और आयुष्मान भारत के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में प्रति परिवार हर साल *₹5 लाख तक का कैशलेस उपचार* प्रदान किया जाता कि। इस डिजिटल व्यवस्था का संचालन *SACHIS (साचीज)* पोर्टल तथा ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ के सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जा रहा है।
योजना के दायरे में बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षक, अनुदानित व मान्यता प्राप्त स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के शिक्षक व वार्डन, और प्रधानमंत्री पोषण योजना (मिड-डे मील) के तहत कार्यरत रसोइया शामिल हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र कर्मियों को आवेदन के बाद *आधार आधारित EKYC* प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ही वे मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना पोर्टल से अपना हेल्थ कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इस कार्ड के माध्यम से देशभर के किसी भी सूचीबद्ध पैनल अस्पताल में इलाज की सुविधा मिलेगी।









