
ब्यूरो चीफ- पुष्कर रस्तोगी
सकलडीहा। (समाचार टुडे) उपजिलाधिकारी ने मंगलवार को तहसील परिसर का आकस्मिक निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों के कार्यों का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व संबंधी मामलों, जन शिकायतों के निस्तारण, अभिलेखों के रखरखाव तथा कार्यालय में उपलब्ध कराई जा रही जन सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर ने तहसीलदार तहसील के विभिन्न न्यायालयों, कार्यालय पटलों पर पहुंचे, जहां उन्होंने दाखिल-खारिज, वरासत, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, खतौनी नकल एवं अन्य राजस्व मामलों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित प्रकरणों की सूची देखकर संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था तथा फाइलों के संधारण की स्थिति भी देखी। कई स्थानों पर आवश्यक सुधार के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखा जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर संबंधित दस्तावेज आसानी से उपलब्ध हो सकें।
उपजिलाधिकारी संग तहसीलदार अनुराग सिंह ने तहसील में आने वाले फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जन शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन ही जनता का विश्वास मजबूत कर सकता है।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों की कार्य संस्कृति बेहतर होना आवश्यक है, ताकि आमजन को सकारात्मक वातावरण मिल सके।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई। निरीक्षण के दौरान तहसील के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









