सकलडीहा पीजी कॉलेज में बीएड परीक्षा के दौरान सॉल्वर गिरफ्तार,अनुचित संसाधन प्रयोग पर होगी कड़ी कार्रवाई- प्राचार्य ।

ब्यूरो चीफ – पुष्कर रस्तोगी
सकलडीहा (समाचार टुडे) शुक्रवार को पीजी कॉलेज में परीक्षा के दौरान दूसरे की परीक्षा दे रहा साल्वर को उड़ाका दल ने पुलिस के हवाले कर दिया प्राप्त जानकारी के अनुसार शासन की नकल विहीन परीक्षा एवं सुचिता नीति के तहत गुरुवार को सकलडीहा पीजी कॉलेज में आयोजित बीएड परीक्षा के दौरान सघन जांच अभियान चलाया गया। परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान एक सॉल्वर पकड़ा गया, जो वास्तविक अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। मामले का खुलासा होते ही महाविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि सकलडीहा पीजी कॉलेज में अन्य महाविद्यालयों का परीक्षा केंद्र भी संचालित किया जा रहा है। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए केन्द्राध्यक्ष प्रोफेसर दयानिधि सिंह यादव एवं सहायक केंद्र अध्यक्ष प्रोफेसर उदय शंकर झा के नेतृत्व में उड़ाका दल लगातार निरीक्षण कर रहा था। इसी दौरान एक परीक्षार्थी की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उससे पूछताछ की गई।
जांच के दौरान दस्तावेजों और पहचान संबंधी तथ्यों में गड़बड़ी मिलने पर यह स्पष्ट हो गया कि वह व्यक्ति वास्तविक अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। इसके बाद महाविद्यालय प्रशासन ने तत्काल उसे पकड़कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
प्राचार्य प्रोफेसर प्रदीप कुमार पांडे ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नकल विहीन बनाने के लिए लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









