रक्षाबंधन को लेकर खाद्य विभाग की हैट्रिक छापेमारी, मिठाइयों के नमूने जांच को भेजे, नामचीन दुकानों पर मिलावट की शिकायतें ।

चकिया। (समाचार टुडे)आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को चकिया कस्बे में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। कार्रवाई उप जिलाधिकारी चकिया के सहयोग से की गई। इस दौरान दुकानों पर तैयार की जा रही मिठाइयों के नमूने संकलित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन एवं कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जनपद के विभिन्न कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में टीम ने चकिया कस्बे में तहसील के निकट स्थित माली स्वीट एवं बनारस स्वीट प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से गुलाब जामुन और बर्फी के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार एवं रणधीर सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री और निर्माण पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।









