
रिपोर्टिंग बाई- एस. एन.
सकलडीहा। (समाचार टुडे) विकासखंड सकलडीहा के खंड शिक्षा अधिकारी अवधेश कुमार राय के 30 जून को सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त हुए पद पर बुधवार को नवागत खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण गोपाल तिवारी ने अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही विकासखंड की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान ही शिक्षक संघ के पदाधिकारीयों ने नवागत खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण गोपाल तिवारी को अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत कृष्ण गोपाल तिवारी ने ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा कार्यालय की व्यवस्थाओं और लंबित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, समयबद्ध शैक्षणिक गतिविधियों तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने शिक्षकों से विद्यालयों में अनुशासन, स्वच्छता, बेहतर शैक्षणिक वातावरण तथा नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति अपनाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाएगा। विद्यालयों का समय-समय पर निरीक्षण कर शैक्षणिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जाएगी।
कार्यभार ग्रहण के दौरान पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अशोक सिंह, कार्यालय सहायक नागेंद्र कुमार, मंगल कुमार, डीएम प्रेमी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे









